बल्लारपुर (का.प्र.) : नवरात्रि उत्सव के अवसर पर बल्लारपुर शहर में आयोजित विभिन्न गरबा एवं डांडिया प्रतियोगिताओं में स्नैप गरबा डांडिया क्लासेस के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में क्लासेस के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट नृत्य कौशल का प्रदर्शन कर कई पुरस्कार अपने नाम किए।
शहर में आयोजित रंगताली गरबा, कमल डांडिया एवं हिरकाणी रंगरागिनी कार्यक्रमों में स्नैप गरबा डांडिया क्लासेस के ग्रुप ने डांडिया प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर संस्थान का गौरव बढ़ाया। इसके साथ ही एकल नृत्य प्रतियोगिता में बाल प्रतिभागी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ड्यूओ (युगल) प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया। इन उपलब्धियों के साथ प्रतिभागियों को अनेक ट्रॉफियां एवं आकर्षक उपहार भी प्राप्त हुए। इस उल्लेखनीय सफलता के अवसर पर स्नैप गरबा डांडिया क्लासेस की ओर से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
यह उपलब्धि प्रतिभागियों की मेहनत, नियमित अभ्यास, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम मानी जा रही है। इस सफलता पर अकादमी के संचालक नंदराम गुरुंग एवं दीपा गुरुंग ने अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों की मेहनत और लगन से संस्थान को यह गौरवपूर्ण सफलता मिली है। स्नैप गरबा डांडिया क्लासेस की इस उपलब्धि से प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं शुभचिंतकों में उत्साह का वातावरण है। नवरात्रि के रंगारंग आयोजनों में मिली यह सफलता स्थानीय स्तर पर गरबा एवं डांडिया नृत्य की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।


