विनोद जाधव की गोली मारकर हत्या .!

गडचांदूर के जिम ट्रेनर विनोद जाधव की गोली मारकर हत्या, राजूरा में सनसनी .!

राजूरा (वि.प्र.) : चंद्रपुर जिले के राजूरा शहर में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। गदचांदूर निवासी एवं पेशे से जिम ट्रेनर विनोद जाधव की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। यह वारदात राजूरा न्यायालय परिसर के समीप हुई, जिससे शहर में दहशत और तनाव का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनोद जाधव किसी कार्य से राजूरा आए हुए थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। हमलावरों ने बेहद करीब से कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे जाधव गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही राजूरा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद तेजी से मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर ही दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ जारी है और घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुरानी रंजिश या अन्य किसी आपराधिक कारण की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस घटना के बाद राजूरा शहर में तनाव का वातावरण बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बंदोबस्त तैनात किया है। नागरिकों में भय का माहौल है और लोग इस प्रकार की घटना से स्तब्ध हैं।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है तथा आश्वासन दिया है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गहन जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".