श्री साईबाबा सेवा संस्था की अनूठी पहल ..!

श्री साईबाबा सेवा संस्था की अनूठी पहल, गरीब परिवारों के बीच दीपावली की खुशियां बांटीं  .. जरूरतमंद बच्चों एवं अभिभावकों को दीपावली फराल और कपड़ों का वितरण, शॉल-श्रीफल देकर बुजुर्गों का किया सम्मान ..! 
बल्लारपुर (का.प्र.) : दीपावली का पर्व खुशियों, प्रेम, सद्भावना और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। इस पर्व की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों के चेहरों पर भी खुशियां लाई जाएं। इसी सामाजिक भावना को आत्मसात करते हुए श्री साईबाबा सेवा संस्था, बल्लारपुर की ओर से प्रतिवर्ष की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों, बच्चों तथा बुजुर्गों के लिए दीपावली फराल, कपड़े वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।


संस्था की ओर से दीनदयाल वार्ड स्थित पेपर मिल बांबू डेपो परिसर की झोपड़पट्टी में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर जरूरतमंद बच्चों एवं उनके अभिभावकों को दीपावली फराल के साथ कपड़ों का वितरण किया गया। वहीं समाज के वरिष्ठ नागरिकों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बुजुर्गों के प्रति आदर, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके सामाजिक योगदान को भी सराहा गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत ज्येष्ठ नागरिक हरिश्चंद्र उईके, बुधराम मसराम, मडावी, कोंचम मरकाम, सुभाष बेनी तथा अन्य नागरिकों का शॉल-श्रीफल देकर सत्कार किया गया। इसके साथ ही झोपड़पट्टी क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को साड़ियां तथा पुरुषों को पैंट-शर्ट एवं अन्य आवश्यक कपड़ों का वितरण किया गया। संस्था के इस उपक्रम से जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर प्रसन्नता देखने को मिली।


इसी सामाजिक सेवा अभियान को आगे बढ़ाते हुए संस्था के सदस्यों ने रेलवे स्टेशन परिसर में भी पहुंचकर वहां रहने वाले दिव्यांग एवं विकलांग जरूरतमंद व्यक्तियों को कपड़े तथा दीपावली का फराल वितरित किया। समाज के उपेक्षित एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करने का यह प्रयास विशेष सराहनीय रहा।
इस पुनीत सामाजिक कार्य में श्री साईबाबा सेवा संस्था के अध्यक्ष पांडुरंग जरीले के नेतृत्व में बुटले, तुलशीराम महाकालकर, शंकर पुलगमवार, गणपत राखुंडे, साई पिल्ले, प्रकाश झाडे, महेंद्र महाजन, शांता जरीले, जानवी तालेवार, वैशाली धोडरे, बालाजी भोंगले, महेंद्र भाडीकर, भास्कर शेडके, गुणवंत सिडाम, पुरुषोत्तम मोरे एवं गणेश रहिकवार ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।


उल्लेखनीय है कि, श्री साईबाबा सेवा संस्था द्वारा प्रतिवर्ष दीपावली के अवसर पर इस प्रकार के सामाजिक एवं सेवाभावी उपक्रम आयोजित किए जाते हैं। संस्था का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों को वस्तुओं का वितरण करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलना, बुजुर्गों का सम्मान करना तथा गरीब परिवारों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाना है।
संस्था के इस सेवाभावी उपक्रम की नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है। वास्तव में जरूरतमंदों के साथ दीपावली की खुशियां बांटना ही मानवता, सेवा और सामाजिक एकता का सच्चा संदेश है।





Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".