चंद्रपुर की ज्योति रामावार को “बेस्ट आर्टिस्ट, डांसर एवं कोरियोग्राफर” अवार्ड से किया गया सम्मानित .!
बल्लारपुर (का.प्र.) : बहुजन भूमी संघटना द्वारा आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह 2026 में चंद्रपुर की प्रतिभाशाली कलाकार ज्योति रामावार को “बेस्ट आर्टिस्ट, डांसर एवं कोरियोग्राफर” के प्रतिष्ठित अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह समारोह 8 अगस्त 2026 को पुणे के वानवडी स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले सांस्कृतिक भवन में सायं 5 बजे से 8 बजे के बीच बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
इस कार्यक्रम का आयोजन “गौरव कर्तृत्वाचा... प्रेरणा उद्याची...!” थीम के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को सम्मानित करना था। समारोह में समाजकार्य, शिक्षा, साहित्य, कला, क्रीड़ा, पत्रकारिता, स्वास्थ्य एवं प्रशासन जैसे अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले मान्यवरों का भव्य सत्कार किया गया।
कार्यक्रम में बहुजन भूमी संघटना के साथ-साथ मानव हक्क, छत्रपति शेतकरी सेना, माहिती अधिकार, पोलीस मित्र एवं सहकार सेना जैसे सामाजिक संगठनों का विशेष सहयोग रहा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करना और नई पीढ़ी को प्रेरित करना था।
ज्योति रामावार को यह सम्मान उनके कला क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन, नृत्य प्रतिभा और कोरियोग्राफी में विशेष योगदान के लिए प्रदान किया गया। उनके इस सम्मान से चंद्रपुर जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने कहा कि “कर्तृत्व का गौरव ही समाज का अभिमान है” और ऐसे सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, कलाकार एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने सम्मानित प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया।

