भाजपा कामगार मोर्चा की शिकायत पर श्रम विभाग सख्त, हटाए गए कर्मचारियों को पुनः काम पर रखने के निर्देश .!
बल्लारपुर (का.प्र.) : बल्लारशाह रेलवे रनिंग रूम से गैरकानूनी तरीके से हटाए गए ठेका कर्मियों को आखिरकार न्याय मिल गया है। चंद्रपुर के सहायक श्रम आयुक्त प्रशांत सिंह ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए सभी प्रभावित कर्मियों को तत्काल प्रभाव से पुनः कार्य पर लेने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही संबंधित रेल अधिकारियों एवं ठेकेदार को श्रमिक हितों से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी भी दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य रेलवे के अंतर्गत बल्लारशाह स्थित लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर रनिंग रूम में कार्यरत ठेका कर्मियों का शोषण किए जाने तथा उन्हें बिना कारण सेवा से हटाने की शिकायत भाजपा कामगार मोर्चा के प्रदेश महासचिव अजय दुबे द्वारा सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय) चंद्रपुर के समक्ष की गई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सहायक श्रम आयुक्त कार्यालय द्वारा संबंधित ठेकेदार अमित फैब्रिकेटर्स एंड एरिकेटर्स को नोटिस जारी किया गया तथा 22 सितंबर को मामले की सुनवाई निर्धारित की गई।
सुनवाई के दौरान भाजपा कामगार मोर्चा के प्रदेश महासचिव अजय दुबे, चीफ लोको इंस्पेक्टर अन्नम वेंकटेश, ठेकेदार प्रतिनिधि विकास सिंह तथा कामगार नेता अभिषेक ईदनरी सहित अन्य संबंधित पक्ष उपस्थित रहे। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद श्रम विभाग ने ठेका कर्मियों के पक्ष में निर्णय सुनाते हुए उन्हें पुनः कार्य पर बहाल करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
श्रम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि श्रमिकों के अधिकारों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित ठेकेदार एवं अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस निर्णय से प्रभावित कामगारों में संतोष का माहौल है।
