दुर्गापुर मंडल में निकली ‘सेवा दीप यात्रा’, विकसित भारत के संकल्प का लिया प्रण .!
बल्लारपुर (का.प्र.) : मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का किया सम्मान; सुधीर मुनगंटीवार ने कार्यकर्ताओं से देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का किया आह्वान
दुर्गापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में देशभर में मनाए जा रहे सेवा सप्ताह के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा एवं सेवा दीप यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को दुर्गापुर मंडल में किया गया। महाराष्ट्र के लोकनेता एवं विकास पुरुष सुधीर मुनगंटीवार के मार्गदर्शन में तथा भाजपा चंद्रपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष हरीश शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में दुर्गापुर मंडल अध्यक्ष श्रीनिवास जंगमवार के नियोजन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकालकर संकल्प सभा में सहभागिता दर्ज कराई। सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश उपस्थित लोगों को सुनाया गया। इसके पश्चात सुधीर मुनगंटीवार ने अपने संबोधन के माध्यम से उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों का उत्साहवर्धन किया।
‘संकल्प के साथ आगे बढ़े भारत’—मोदी का संदेशप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में भविष्य के भारत के निर्माण और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और आज देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कोरोना काल में भारत की क्षमता और सामर्थ्य का उदाहरण पूरी दुनिया ने देखा।उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि संकल्प और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से भारत को विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए।
देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान ..
इसके बाद सुधीर मुनगंटीवार ने अपने ऊर्जावान संबोधन में बल्लारपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से देशहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। अब समय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एकजुट होकर भारत को उस ऊंचाई तक पहुंचाया जाए, जिसका सपना देश के स्वतंत्रता सेनानियों और पूर्वजों ने देखा था।
हरीश शर्मा ने गिनाईं जनकल्याणकारी उपलब्धियां ..
भाजपा चंद्रपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष हरीश शर्मा ने उपस्थित लोगों का मार्गदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सुधीर मुनगंटीवार द्वारा जनहित और लोककल्याण के लिए किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश को नरेंद्र मोदी के रूप में सशक्त एवं दूरदर्शी नेतृत्व मिला है, वहीं चंद्रपुर जिले और महाराष्ट्र को सुधीर मुनगंटीवार जैसे विकासोन्मुख नेतृत्व का लाभ मिल रहा है।
लाभार्थियों का किया सम्मान ..
कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों का सम्मान एवं सत्कार किया गया। लाभार्थियों ने सरकार की योजनाओं तथा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सुधीर मुनगंटीवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता रामपाल सिंह, डॉ. काशीनाथ सिंह, विलास टेमुर्ने, लक्ष्मी सागर, हनुमान काकड़े, संजय यादव, श्रीनिवास कंदकुरी, संतोष जंगमवार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पुरुष एवं महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

