डॉ. काशीनाथ स्वामीनाथ सिंह ‘महाराष्ट्र गुण गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित .!

ऐतिहासिक क्षण: बल्लारपुर के लिए गौरव का पल, डॉ. काशीनाथ स्वामीनाथ सिंह  ‘महाराष्ट्र गुण गौरव पुरस्कार’ से सम्मानित .!
बल्लारपुर (का.प्र.) : बल्लारपुर शहर और पूरे चंद्रपुर जिले के लिए एक अत्यंत गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण उस समय देखने को मिला, जब कोरोना महामारी के कठिन दौर में अपनी जान की परवाह किए बिना लगातार समाज सेवा करने वाले डॉ. काशीनाथ स्वामीनाथ सिंह को “महाराष्ट्र गुण गौरव पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिला अहिल्या नगर के कोपरगांव में आयोजित एक भव्य समारोह में वी द चेंज फाउंडेशन द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से आए उन प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में अनुकरणीय और समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य किए हैं। इस अवसर पर डॉ. सिंह के उल्लेखनीय योगदान को विशेष रूप से सराहा गया।
कोरोना महामारी के दौरान डॉ. काशीनाथ सिंह ने अपने जीवन को जोखिम में डालकर लगातार लोगों की सेवा की। वे स्वयं दो बार कोरोना पॉजिटिव होने के बावजूद भी 24 घंटे एंबुलेंस सेवा, आरटीपीसीआर जांच और मरीजों की देखभाल में निरंतर सक्रिय रहे। उनके इस समर्पण और साहसिक सेवा कार्य ने उन्हें समाज में एक विशेष पहचान दिलाई।


ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी डॉ. सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए हैदराबाद स्थित एक सुप्रसिद्ध एशियाई विश्वविद्यालय द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया जा चुका है। अब पुनः शिरडी-अहिल्यानगर में मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान ने उनके सामाजिक योगदान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अपने मनोगत में डॉ. सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि उन्हीं की प्रेरणा से वे समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़े हैं। उन्होंने विशेष रूप से सुधीर मुनगंटीवार का आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से कोरोना काल में आवश्यक मेडिकल सामग्री उपलब्ध हो सकी और सेवा कार्य सुचारू रूप से जारी रखा जा सका।
इसके साथ ही उन्होंने अपनी धर्मपत्नी का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने हर कठिन परिस्थिति में उनका साथ दिया। डॉ. सिंह ने यह सम्मान अपने माता-पिता एवं सुधीर मुनगंटीवार को समर्पित करते हुए समाज के सभी लोगों से आह्वान किया कि वे भी समय-समय पर समाज सेवा में योगदान दें, क्योंकि अच्छे कार्य ही व्यक्ति को अमर बनाते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों के शुभ हाथों से सभी सम्मानित व्यक्तियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान फाउंडेशन के अध्यक्ष द्वारा डॉ. काशीनाथ सिंह को विशेष सम्मान देते हुए उनके कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर डॉ. सिंह के शुभचिंतकों, मित्रों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा उन्हें बड़े पैमाने पर बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं। बल्लारपुर शहर आज उनके इस सम्मान पर गर्व महसूस कर रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".