नौटंकी फिल्म्स की मराठी शॉर्ट फिल्म ‘आशा, चयनित .!

नौटंकी फिल्म्स की मराठी शॉर्ट फिल्म ‘आशा – लाडकी बहीण’ का शिवप्रहार नेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में चयन; गणेश रहिकवार और पूरी टीम में खुशी की लहर .. स्त्री सम्मान, स्वाभिमान और सशक्त परिवार का संदेश देने वाली फिल्म को मिली आधिकारिक पहचान; निर्माता मुकेश जीवतोड़े एवं गणेश रहिकवार के प्रयासों को मिली नई उपलब्धि ..! 
बल्लारपुर (का.प्र.) : स्थानीय स्तर पर फिल्म निर्माण एवं कलात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली नौटंकी फिल्म्स के लिए गर्व और हर्ष का क्षण सामने आया है। नौटंकी फिल्म्स के बैनर तले निर्मित मराठी शॉर्ट फिल्म ‘आशा – लाडकी बहीण’ का प्रतिष्ठित शिवप्रहार नेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में आधिकारिक रूप से चयन हुआ है। इस उपलब्धि से फिल्म की पूरी टीम में उत्साह और आनंद का वातावरण है।
स्त्री सम्मान, महिला स्वाभिमान और सशक्त परिवार की महत्वपूर्ण अवधारणा पर आधारित इस शॉर्ट फिल्म के माध्यम से समाज को एक सकारात्मक और प्रेरणादायी संदेश देने का प्रयास किया गया है। फिल्म की कहानी महिला के आत्मसम्मान, संघर्ष और पारिवारिक सशक्तिकरण जैसे संवेदनशील विषयों को केंद्र में रखती है।
फिल्म के निर्माता मुकेश जीवतोड़े एवं गणेश रहिकवार हैं। फिल्म की कथा, पटकथा, छायांकन, संकलन एवं निर्देशन की जिम्मेदारी गणेश रहिकवार ने संभाली है, जबकि सहायक निर्देशन रमेश खातखेड़े ने किया है। फिल्म का संगीत स्टूडियो ॐ साई क्रिएशन द्वारा तैयार किया गया है।
फिल्म में अजय बोंडे, भूमि झाडे, सुनंदा गवई, सुनंदा खंडाळकर एवं बाल कलाकार मयंक दरवे ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। सभी कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से फिल्म के सामाजिक संदेश को प्रभावशाली रूप देने का प्रयास किया है।


शिवप्रहार नेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में फिल्म का आधिकारिक चयन होना नौटंकी फिल्म्स की रचनात्मक यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह सफलता फिल्म से जुड़े कलाकारों, तकनीशियनों और सहयोगियों की मेहनत, लगन तथा सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
इस उपलब्धि पर फिल्म के क्रिएटिव निर्देशक गणेश रहिकवार ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी टीम की मेहनत और जिद का परिणाम है। स्त्री सम्मान एवं सशक्त परिवार का संदेश लेकर शुरू हुआ यह प्रयास अब राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के मंच तक पहुंचा है, जो पूरी टीम के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस सफर में सहयोग देने वाले सभी कलाकारों, तकनीशियनों, मार्गदर्शकों, दर्शकों एवं शिवप्रहार नेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल आयोजक टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
‘आशा – लाडकी बहीण’ की यह उपलब्धि नौटंकी फिल्म्स के लिए केवल एक फिल्म का चयन नहीं, बल्कि सामाजिक विषयों को सिनेमा के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की दिशा में एक नई पहचान और आगे बढ़ने की प्रेरणा है। टीम ने भविष्य में भी सार्थक एवं सामाजिक संदेश देने वाली फिल्मों के निर्माण का संकल्प व्यक्त किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".