बल्लारपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं का सम्मान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित .!नगर परिषद बल्लारपुर की महिला व बालकल्याण समिति की पहल, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ सत्कार .!
बल्लारपुर (का.प्र.) : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर परिषद बल्लारपुर की महिला व बालकल्याण समिति के तत्वावधान में 10 मार्च को सुबह 11:00 बजे राजे खांडक्या बल्लाळशाह नाट्यगृह, बल्लारपुर में महिलाओं के सम्मान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद बल्लारपुर की अध्यक्ष श्रीमती अल्का अनिल वाढई ने की, जबकि कार्यक्रम का उद्घाटन तहसीलदार श्रीमती रेणुका कोकाटे के हाथों संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्याधिकारी विशाल वाघ, सामाजिक कार्यकर्ती डॉ. रजनीताई हजारे, पुलिस उपनिरीक्षक करीश्मा मोरे तथा शिक्षण सभापती कु. प्रियंका भारत थुलकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में योगदान को सराहते हुए उनका शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। इसके साथ ही महिला समूहों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई, जिसे उपस्थित नागरिकों ने सराहा।
विशेष रूप से प्रियंका अशोक नाईक, अध्यक्ष – आदर्श महिला बचत गट को “शेतकऱ्याची बायको” वेशभूषा स्पर्धा में प्रथम पुरस्कार प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर उपस्थित अतिथियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के आयोजन में महिला व बालकल्याण समिति की सभापती अॅड. मेघा भाले, उपसभापती शिल्पा चुढे तथा सदस्य अमकुबाई भुक्या, वैशाली हुमने, सुनिता जिवतोडे, विद्या खरतड, काजल तोटावार, रजनी मुलचंदानी और ताजिया शेख ने विशेष योगदान दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता तथा शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित करने की बात कही।
