पश्चिम बंगाल व असम में भाजपा की बड़ी बढ़त, बल्लारपुर में कार्यकर्ताओं का जश्न .!
बल्लारपुर (का.प्र.) : देश के दो महत्वपूर्ण राज्यों पश्चिम बंगाल और असम में चल रहे विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझानों और एग्जिट पोल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में मजबूत संकेत दिए हैं। इन रुझानों के सामने आते ही बल्लारपुर शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में भाजपा 170 से 190 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जो राज्य में एक ऐतिहासिक जीत की ओर इशारा कर रहा है। यदि ये रुझान परिणामों में बदलते हैं, तो पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
वहीं असम विधानसभा चुनाव 2026 में भी भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार भाजपा 3 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, जबकि 78 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। यह प्रदर्शन पार्टी के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इन खबरों के सामने आते ही बल्लारपुर शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और पटाखे फोड़े। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर “भारत माता की जय” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे।
स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि यह बढ़त प्रधानमंत्री के नेतृत्व और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि अंतिम परिणाम भी भाजपा के पक्ष में ही आएंगे।
फिलहाल सभी की नजरें अंतिम चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं, लेकिन शुरुआती रुझानों ने भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना दिया है।
