बल्लारपुर में रेल परियोजनाओं से बढ़ी समस्याएं - देवेंद्र आर्य

बल्लारपुर में रेल परियोजनाओं से बढ़ी समस्याएं, उपनगराध्यक्ष ने सांसद को सौंपा ज्ञापन .!
बल्लारपुर (का.प्र.) : शहर में चल रहे रेलवे विकास कार्यों के कारण स्थानीय नागरिकों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 1 सितंबर 2026 को बल्लारपुर नगर परिषद के उपनगराध्यक्ष देवेंद्र आर्य ने चंद्रपुर-वणी-आर्णी लोकसभा क्षेत्र की सांसद प्रतिभा धानोरकर को विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि रेलवे के तीसरे और चौथे ट्रैक के निर्माण कार्य के चलते शहर के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो रहा है। विशेष रूप से आंबेडकर वार्ड और रानी लक्ष्मीबाई वार्ड से होकर गुजरने वाला गंदे पानी का नाला, जो गोल पुल के पास से होकर नदी में मिलता है, निर्माण कार्य के कारण अवरुद्ध हो गया है। इसके चलते इन दोनों वार्डों के घरों में गंदा पानी घुसने की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है।
उपनगराध्यक्ष ने मांग की है कि इस नाले पर स्थायी समाधान के रूप में पक्का बांध या उपयुक्त व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही, बस्ती क्षेत्र को शहर के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र मार्ग गोल पुल के नीचे से होकर गुजरता है, लेकिन पिछले डेढ़ वर्ष से चल रहे निर्माण कार्य के कारण यहां पैदल यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि गोल पुल का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए, जिससे यातायात सुचारू हो सके। इसके अलावा बस्ती क्षेत्र की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से एक टिकट काउंटर खोलने की भी मांग उठाई गई है।
उपनगराध्यक्ष देवेंद्र आर्य ने सांसद से अनुरोध किया कि बल्लारपुर शहर की इन गंभीर समस्याओं को उचित स्तर पर उठाकर जल्द से जल्द समाधान कराया जाए, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".