बल्लारपुर (का.प्र.) : महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी में हुए संगठनात्मक फेरबदल के तहत बल्लारपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता घनश्याम मूलचंदानी को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने दिनांक 29 जुलाई 2025 को यह नियुक्ति घोषित की। राज्य में कांग्रेस संगठन में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। हाल ही में संपन्न हुई विधानसभा चुनावों में हुई हार के बाद नेतृत्व में बदलाव करते हुए हर्षवर्धन सपकाळ को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया गया था। इसके बाद अब सचिव, महासचिव आदि पदों पर भी नई नियुक्तियाँ की गई हैं।
इस फेरबदल में चंद्रपुर जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष संतोषसिंह रावत को महासचिव पद पर नियुक्त किया गया है, वहीं घनश्याम मूलचंदानी को सचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है। घनश्याम मूलचंदानी कांग्रेस पार्टी के निष्ठावान, अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में पहचाने जाते हैं। उनकी इस नियुक्ति पर शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उनकी नियुक्ति पर विधायक विजय वडेट्टीवार, पूर्व विधायक एवं जिलाध्यक्ष सुभाष धोटे, सांसद प्रतिभा धानोरकर आदि ने भी उन्हें बधाई दी और शुभकामनाएं व्यक्त कीं।