बल्लारपुर (का.प्र.) : न्यू दुर्गा माता मंदिर बल्लारपुर एवं सखी मंच के संयुक्त तत्वावधान में नवरात्रि पर्व के अवसर पर दिनांक 29/9/25 की शाम 7 बजे न्यू दुर्गा माता मंदिर के प्रांगण में भव्य गरबा डांडिया स्पर्धा का आयोजन किया गया। इस स्पर्धा में नगर की सभी सखियों सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकमत के ज्येष्ठ संवाददाता एवं लोकमत सखी मंच के मार्गदर्शक मा.श्री वसंतराव खेडेकर, मंदिर के संस्थापक मा.श्री शिवचंद द्विवेदी, मंदिर की अध्यक्षा सौ.मीना द्विवेदी, अधिवक्ता मेघा भाले, फिल्म दिग्दर्शक गणेश रहिकवार, मिस इंडिया साक्षी जयसवाल, सखी मंच संयोजिका किरण दुधे, सौ.विना झाडे ने अपना स्थान ग्रहण किया।
कार्यक्रम के परीक्षक गण के स्वरूप में मा.श्री आशीष मुलेवार एवं सौ.सुकेशनी मेश्राम ने अपना स्थान सुशोभित कर परीक्षण किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ देवी प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदन के साथ हुआ। मंच पर विराजमान जज एवं मुख्य अतिथियों का आयोजकों की ओर से सम्मानचिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया।
इसके पश्चात रंग-बिरंगे परिधानों में सजी धजी प्रतिभागियों ने गरबा और डांडिया की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे वातावरण में भक्तिमय गीतों और तालियों की गूंज ने उत्सव का उल्लास दोगुना कर दिया। निर्णायक मंडल ने सभी प्रस्तुतियों का बारीकी से अवलोकन कर विजेताओं का चयन किया।
अंत में विजयी प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नगरवासियों ने विजेताओं का हौसला बढ़ाते हुए जोरदार तालियों से उनका अभिनंदन किया।
पूरे कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित तरीके से किया गया और आयोजन समिति के सभी सदस्यों एवं एडवोकेट सौ.पूजा द्विवेदी, डॉक्टर दुर्गेश्वरी द्विवेदी के अथक प्रयासों से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




