मुंबई (वि. प्र.) : मुंबई में आयोजित भव्य समारोह में अखंड भारत गौरव अवार्ड 2025 से प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री, सिंगर और डांसर कबीना महारंजन को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें कला, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इस अवसर पर बॉलीवुड के जाने-माने सिंगर उदित नारायण, सिंगर दीपा नारायण तथा फिल्म निर्माता पहलाज निहलानी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके हाथों कबीना महारंजन को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
कबीना महारंजन ने फिल्म जगत में अपने अभिनय से तो दर्शकों का दिल जीता ही है, साथ ही वे एक प्रतिभाशाली गायिका और आकर्षक नृत्यांगना भी हैं। उनकी डांस परफॉर्मेंस दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देती है, वहीं उनकी मधुर आवाज में गाए गए गीत दिलों को छू जाते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने कहा कि कबीना महारंजन जैसी बहुमुखी प्रतिभा समाज की महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। वे महिला सशक्तिकरण की अनुपम मिसाल हैं, जिन्होंने अपने कठिन परिश्रम और लगन से मनोरंजन जगत में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
अखंड भारत गौरव अवार्ड के प्रमुख एवं मुंबई ग्लोबल के संपादक राजकुमार तिवारी ने बताया कि यह सम्मान उन व्यक्तित्वों को दिया जाता है जिन्होंने समाज, कला और संस्कृति के क्षेत्र में अपने कार्यों से देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कबीना महारंजन का समर्पण और प्रतिभा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने सामूहिक रूप से “अखंड भारत” की एकता और सांस्कृतिक गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।

