कांग्रेस की जीत के संकेत, भाजपा में अंदरूनी कलह बनी बड़ी चुनौती .!

चंद्रपुर महानगर पालिका चुनाव 2026 : कांग्रेस की जीत के संकेत, भाजपा में अंदरूनी कलह बनी बड़ी चुनौती .!

बल्लारपुर (का.प्र.) : चंद्रपुर महानगर पालिका चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव से पहले ही शहर की राजनीति में बड़े उलटफेर के संकेत दिखाई देने लगे हैं। मौजूदा हालातों पर नजर डालें तो कांग्रेस का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आंतरिक वाद-विवाद और गुटबाजी के चलते कमजोर स्थिति में दिखाई दे रही है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा में टिकट बंटवारे को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय आमदार के बीच तीखा मतभेद सामने आया है। इसी आपसी खींचतान और मनमुटाव के कारण पार्टी की गरिमा को आघात पहुंचा है। कई पुराने और सक्रिय कार्यकर्ताओं में असंतोष व्याप्त है, जिसका सीधा असर चुनावी तैयारियों पर पड़ता नजर आ रहा है।
वहीं दूसरी ओर, चंद्रपुर जिले के इर्द-गिर्द हुई नगर पालिका चुनावों में कांग्रेस ने जिस तरह से बड़ी जीत दर्ज की थी, उसी का प्रभाव अब महानगर पालिका चुनाव पर भी पड़ता दिख रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और संगठन स्तर पर एकजुटता दिखाई दे रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यही परिस्थितियां बनी रहीं तो चंद्रपुर महानगर पालिका में कांग्रेस की स्थिति मजबूत हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों के बीच यह चर्चा भी आम है कि मौजूदा राजनीति अब समाज सेवा से अधिक धन उगाही और व्यक्तिगत प्रतिष्ठा तक सीमित होती जा रही है। आम मतदाता राजनीतिक दलों की आपसी लड़ाई और सत्ता की होड़ से निराश नजर आ रहा है, जिसका लाभ संगठित और अनुशासित दल को मिलना तय माना जा रहा है।
कुल मिलाकर, चंद्रपुर महानगर पालिका चुनाव 2026 में कांग्रेस को बढ़त मिलने के संकेत स्पष्ट हैं, जबकि भाजपा के लिए आंतरिक कलह सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभर रही है। आने वाले दिनों में चुनावी समीकरण किस करवट बैठते हैं, इस पर पूरे जिले की नजरें टिकी हुई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".