चंद्रपुर की बेटी को बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि .!
बल्लारपुर (का.प्र.) : चंद्रपुर स्थित एक महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापिका सौ. स्नेहल जितेश रायकुंडलिया को गोंडवाना विश्वविद्यालय द्वारा पी-एच.डी. की उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया गया। दिनांक 21 जनवरी 2026 को आयोजित गोंडवाना विश्वविद्यालय के 13वें दीक्षांत समारोह में मान्यवरों के कर-कमलों से उन्हें यह उपाधि प्रदान की गई।
सौ. स्नेहल रायकुंडलिया को यह उपाधि बाह्य विशेषज्ञों द्वारा किए गए शोध-मूल्यांकन तथा सफल मौखिक परीक्षा (वाइवा-वॉइस) के उपरांत प्रदान की गई है। उनका शोध विषय “चंद्रपुर एवं गडचिरोली जिलों में वन संपदा के उपयोग का विकास पर पड़ने वाले प्रभावों का तुलनात्मक अध्ययन” रहा है, जो सामाजिक एवं आर्थिक विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह पी-एच.डी. उपाधि वाणिज्य एवं प्रबंधन विद्याशाखा के अंतर्गत बिजनेस मैनेजमेंट एंड एडमिनिस्ट्रेशन विषय में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नियमों के अनुसार प्रदान की गई है।
सौ. स्नेहल रायकुंडलिया इससे पूर्व एम.फिल. तथा यूजीसी नेट जैसी महत्वपूर्ण शैक्षणिक योग्यताएं भी प्राप्त कर चुकी हैं। अपने इस शैक्षणिक सफर में मार्गदर्शन देने के लिए उन्होंने अपने शोध मार्गदर्शक प्रो. डॉ. राहुल के. सावलिकर के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।
इसके साथ ही, शोध के कठिन एवं चुनौतीपूर्ण काल में निरंतर सहयोग, धैर्य और प्रोत्साहन देने वाले अपने माता-पिता, पति एवं दो बच्चों के प्रति भी उन्होंने विशेष कृतज्ञता प्रकट की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सफलता के पीछे परिवार का महत्वपूर्ण योगदान होता है और इस पी-एच.डी. की उपलब्धि का संपूर्ण श्रेय उन्होंने अपने परिवारजनों को ही दिया।
सौ. स्नेहल रायकुंडलिया की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शैक्षणिक, सामाजिक एवं पारिवारिक क्षेत्र में हर्ष व्यक्त किया जा रहा है और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

