बेखौफ चोरों का आतंक ..!

न्यू दुर्गा माता मंदिर सुभाष वार्ड बल्लारपुर 

नगर में दहशत का माहौल ..पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल ..!

बल्लारपुर (का.प्र.) : नगर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम नागरिकों के मन में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। चोर इस कदर बेखौफ हो चुके हैं कि, पुलिस गश्त को चुनौती देते हुए एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। वहीं पुलिस विभाग की ढुलमुल कार्यप्रणाली जनता के आक्रोश का कारण बनती जा रही है।

मंदिर में विराजित मां की भव्य प्रतिमा 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व बस्ती विभाग स्थित सोमानी किराना शॉप में चोरी की घटना सामने आई थी, जिसका मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि, अब सुभाष वार्ड स्थित न्यू दुर्गा माता मंदिर में चोरों ने दान पेटी तोड़कर हजारों रुपए पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पूरे वार्ड में दहशत फैल गई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि, चोरी की इन वारदातों के दौरान पुलिस केवल मूकदर्शक बनी हुई है। रात्रिकालीन पेट्रोलिंग होने के बावजूद चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो जा रहे हैं। इससे यह सवाल खड़ा हो रहा है कि, आखिर पुलिस की गश्त कितनी प्रभावी है।

चोरों का बेखौफ मंदिर के इर्द गिर्द घूम चोरी को अंजाम देना .. घर के सीसीटीवी में कैद हुई चोरों की तस्वीर 

इस संबंध में न्यू दुर्गा माता मंदिर के संस्थापक तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मा. श्री शिवचंद द्विवेदी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि, “नगर में यह दूसरी दिल दहलाने वाली घटना है। यदि समय रहते चोरों को पकड़ा नहीं गया, तो भविष्य में किसी भी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।” उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल कड़ी कार्रवाई करने और गश्त बढ़ाने की मांग की।

न्यू दुर्गा माता मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार 

नगरवासियों का कहना है कि, लगातार हो रही चोरी की घटनाएं अपने आप में गंभीर और चिंताजनक हैं। यदि जल्द ही बेलगाम चोरों पर अंकुश नहीं लगाया गया, तो आम जनता का पुलिस व्यवस्था से विश्वास उठ सकता है।
अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इन घटनाओं को कितनी गंभीरता से लेता है और नगर को भयमुक्त बनाने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".