“लिटल ग्रैजुएट्स, बिग इनोवेटर्स” कार्यक्रम संपन्न ..!

“लिटल ग्रैजुएट्स, बिग इनोवेटर्स” कार्यक्रम भव्य एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न .!

बल्लारपूर (का.प्र.) : क्रेसेंट पब्लिक स्कूल एवं क्रिएटिव माइंड्स प्री-स्कूल, बल्लारपूर द्वारा 14 फरवरी 2026 को प्रातः 10:30 बजे गोंडवाना नाट्यगृह, कला मंदिर के समीप “लिटल ग्रैजुएट्स, बिग इनोवेटर्स” शीर्षक से एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत यूकेजी विद्यार्थियों का दीक्षांत समारोह तथा कक्षा 1 से 9 तक के विद्यार्थियों की विज्ञान प्रदर्शनी का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता अभय पचपोर ने की। विशिष्ट अतिथियों में अधिवक्ता नाज़िम खान (सचिव, क्रेसेंट शिक्षण प्रसारक मंडल, चंद्रपुर), डॉ. अमोल नांदे (PhD NZ, PhD India), डॉ. ललित देवलाकर (PhD Zoology), डॉ. संजय नीले, श्री ओंकार महतो तथा श्री लिलेश पुस्तोडे उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत एवं परिचय से हुआ, जिसके पश्चात प्री-स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा “इतनी शक्ति हमें देना” प्रार्थना गीत प्रस्तुत किया गया। यूकेजी विद्यार्थियों ने “क्रेसेंट के सितारे” नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को उल्लासपूर्ण बना दिया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा पौधारोपण एवं फीता काटकर यूकेजी दीक्षांत समारोह एवं विज्ञान प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

स्वागत भाषण विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती हुमायरा खान द्वारा दिया गया। इसके पश्चात डॉ. ललित देवलाकर, डॉ. अमोल नांदे एवं डॉ. संजय नीले ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार एवं शिक्षा के महत्व पर प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए। अधिवक्ता नाज़िम खान ने विद्यार्थियों को अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का संदेश दिया। अंत में अध्यक्षीय संबोधन अधिवक्ता अभय पचपोर द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विज्ञान प्रदर्शनी इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा 175 से अधिक कार्यशील मॉडल एवं 110 से अधिक आकर्षक एवं जानकारीपूर्ण चार्ट प्रस्तुत किए गए। सभी प्रोजेक्ट्स की प्रस्तुति स्क्रीन पर भी प्रदर्शित की गई। निर्णायक मंडल ने प्रत्येक मॉडल का सूक्ष्म निरीक्षण कर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्रदान किया।

दीक्षांत समारोह के अंतर्गत नर्सरी एवं एलकेजी विद्यार्थियों के मनमोहक नृत्य, पुरस्कार वितरण, यूकेजी विद्यार्थियों के भावपूर्ण भाषण, अभिभावकों की सकारात्मक प्रतिक्रियाएँ, धन्यवाद गीत एवं कैप टॉसिंग समारोह ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका उज्ज्वला खोबरागड़े द्वारा किया गया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन ब्यूला मैडम द्वारा प्रस्तुत किया गया।

यह आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास, वैज्ञानिक सोच एवं रचनात्मकता को सशक्त मंच प्रदान करने वाला प्रेरणादायी एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम सिद्ध हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".