भाजपा महिला आघाड़ी द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती पर माल्यार्पण, गरिमामय वातावरण में कार्यक्रम संपन्न ..!
बल्लारपुर (का.प्र.) : शहर में आज भारतीय जनता पार्टी महिला आघाड़ी की ओर से हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शिवाजी महाराज के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
यह कार्यक्रम भाजपा के ज्येष्ठ नेता चंदन सिंह चंदेल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भाजपा महिला आघाड़ी की अध्यक्ष वैशाली जोशी, महामंत्री आरती आक्केवार, वर्षा सुंचुवार, जयश्री मोहुरले, सारिका कनकम तथा शहर अध्यक्ष सर्वश्री रणंजय सिंह, देवा वाटकर, सतीश कनकम तथा शहर सचिव इंजीनियर शुभम रहिकवार समस्त पदाधिकारी, महिला आघाड़ी की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने शिवाजी महाराज के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्रभक्ति, शौर्य और जनकल्याणकारी कार्यों को स्मरण किया।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन साहस, स्वाभिमान और न्यायप्रियता का प्रतीक है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर स्वराज्य की स्थापना की और महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके आदर्श आज भी समाज को एक नई दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान महिला आघाड़ी की पदाधिकारियों ने कहा कि शिवाजी महाराज के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज सेवा, राष्ट्र सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि वे शिवाजी महाराज के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं में उत्साह एवं गौरव का वातावरण देखने को मिला।
इसके साथ ही नगर परिषद बल्लारपुर स्थित श्री छत्रपति शिवाजी महाराज जी के प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर शिव जयंती कार्यक्रम सभी भाजपाई की प्रमुख उपस्थिति में मनाया गया।

