बल्लारपुर में बनेगा टिंबर म्यूज़ियम तथा ज़ायलरियम .!

बल्लारपुर में बनेगा 150 करोड़ का टिंबर म्यूज़ियम व ज़ायलरियम .. विधिमंडल के बजट सत्र में सुधीर मुनगंटीवार की जोरदार मांग, वनमंत्री गणेश नाईक का सकारात्मक आश्वासन ..!
बल्लारपुर (का.प्र.) : राज्य के पूर्व वन एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री तथा बल्लारपुर के विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने विधिमंडल के अर्थसंकल्पीय (बजट) अधिवेशन में आधा घंटा चर्चा के माध्यम से बल्लारपुर में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से भव्य टिंबर म्यूज़ियम व ज़ायलरियम स्थापित करने की जोरदार मांग उठाई। उन्होंने सदन में विस्तार से इस परियोजना की आवश्यकता, संभावनाओं और क्षेत्रीय विकास पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों को रेखांकित किया।
श्री मुनगंटीवार ने अपने वक्तव्य में कहा कि बल्लारपुर वन संपदा से समृद्ध क्षेत्र है और यहां लकड़ी उद्योग तथा वन उत्पादों का ऐतिहासिक महत्व रहा है। ऐसे में टिंबर म्यूज़ियम और ज़ायलरियम की स्थापना से न केवल क्षेत्र की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होगी, बल्कि पर्यटन, रोजगार और शैक्षणिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से विभिन्न प्रजातियों की लकड़ियों, वन संपदा और उनसे जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों को एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किया जा सकेगा।
इस प्रस्ताव पर राज्य के वनमंत्री गणेश नाईक ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए सदन में आश्वासन दिया कि किसी भी परिस्थिति में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर शीघ्र ही इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित टिंबर म्यूज़ियम व ज़ायलरियम परियोजना से बल्लारपुर को एक नई पहचान मिलेगी और यह परियोजना विदर्भ क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित हो सकती है। स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि सरकार शीघ्र ही इस दिशा में कार्य प्रारंभ करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".