बल्लारशाह जंक्शन बना यात्रियों का सिरदर्द ..!

बल्लारशाह जंक्शन पर यात्री सुविधाओं की बदहाली को लेकर ‘आप’ का हल्लाबोल .!

बल्लारपुर (का.प्र.) : बल्लारशाह रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी को लेकर आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ तीखा आक्रोश जताया है। पार्टी ने मध्य रेल के महाप्रबंधक को कड़ा पत्र भेजते हुए स्टेशन की अव्यवस्था, यात्रियों के साथ हो रहे अन्याय तथा कथित कानूनी उल्लंघनों पर तत्काल सुधार की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि बल्लारशाह जंक्शन, जो क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र है, वहां यात्रियों को बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। आरोप है कि वीआईपी प्लेटफॉर्म पर घंटों तक मालगाड़ियों को खड़ा रखा जाता है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति Railways Act 1989 के सुरक्षा प्रावधानों का उल्लंघन बताई गई है।
आम आदमी पार्टी ने स्टेशन के नाम से “जंक्शन” शब्द हटाए जाने पर भी आपत्ति जताई है। पार्टी का कहना है कि बिना किसी तकनीकी कारण के ऐसा करना स्थानीय पहचान और अस्मिता के साथ खिलवाड़ है। इसे तत्काल पुनः बहाल करने की मांग की गई है।
इसके अलावा, चंद्रपुर-गढ़चिरौली क्षेत्र के हजारों तेलुगु भाषी नागरिकों की जीवनरेखा मानी जाने वाली ‘रामगिरी ट्रेन’ को बंद रखना भी जनहित के खिलाफ बताया गया है। पार्टी ने इस ट्रेन को शीघ्र शुरू करने की मांग उठाई है।
यात्री सुविधाओं की कमी को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। Amrit Bharat Scheme के तहत विकास कार्यों के दावों के बावजूद स्टेशन पर स्तनपान कक्ष, सटीक डिजिटल घड़ियां और आधुनिक सुविधाओं का अभाव है। गर्मी के मौसम में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने के बावजूद यात्रियों के लिए ‘मिस्ट कूलिंग सिस्टम’ जैसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
पार्टी ने स्थानीय नागरिकों के साथ जीआरपी (Government Railway Police) द्वारा कथित मारपीट की घटना को भी गंभीरता से उठाते हुए इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन बताया है और दोषी कर्मियों पर विभागीय जांच की मांग की है।
पर्यावरण संबंधी मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की गई है। आयरन ओर यार्ड से उड़ने वाली धूल को Environment Protection Act 1986 का उल्लंघन बताते हुए कहा गया है कि इससे स्थानीय किसानों की फसल और नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
इसके साथ ही रानी लक्ष्मी बाई वार्ड में ड्रेनेज सिस्टम की विफलता के कारण होने वाले जलभराव को रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की लापरवाही करार दिया गया है।
अंत में आम आदमी पार्टी ने चेतावनी देते हुए कहा कि रेलवे केवल मुनाफा कमाने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा का महत्वपूर्ण साधन है। यदि प्रशासन ने शीघ्र सुधार नहीं किया तो लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".