द्विवेदी परिवार में गणेश स्थापना का भव्य आयोजन, श्रद्धा और उत्साह से गूंजा सुभाष वार्ड ..!
बल्लारपुर (का.प्र.) : शहर के सुभाष वार्ड, जोकु नाला क्षेत्र में द्विवेदी परिवार द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री गणेश जी की स्थापना बड़े ही श्रद्धा, उत्साह एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न की गई। आयोजन स्थल पर सुबह से ही धार्मिक वातावरण निर्मित हो गया था, जहां परिवार के सदस्यों एवं क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
पूजन कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणपति बाप्पा की प्रतिमा की स्थापना की गई। इस दौरान पूरे परिसर में भक्ति गीतों एवं “गणपति बाप्पा मोरया” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। द्विवेदी परिवार के सदस्यों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए भगवान गणेश से सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पड़ोसियों एवं श्रद्धालुओं ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर दर्शन लाभ लिया। आयोजन स्थल को आकर्षक सजावट एवं रोशनी से सजाया गया था, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल दिखाई दिया।
श्री शिवचंद द्विवेदी (महाराज), सौ.मीना द्विवेदी , इंजीनियर श्री कुलदीप द्विवेदी, अधिवक्ता सौ.पूजा कुलदीप द्विवेदी, डॉक्टर दुर्गेश्वरी द्विवेदी, श्री पवन द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, साथ ही अंतिम दिवस महाप्रसाद का वितरण भी किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश दिया।

