चंद्रपुर में कलेक्टर विनय गौड़ा को भावभीनी विदाई, वसुमना पंत (IAS) का भव्य स्वागत ..!
बल्लारपुर (का.प्र.) : चंद्रपुर जिले के प्रशासनिक इतिहास में एक गरिमामयी एवं यादगार क्षण उस समय देखने को मिला, जब जिले के पूर्व कलेक्टर विनय गौड़ा को भावभीनी विदाई एवं नव-नियुक्त कलेक्टर वसुमना पंत का भव्य स्वागत नागरिक सत्कार समारोह के माध्यम से किया गया। यह कार्यक्रम शहर के प्रियदर्शिनी हॉल में अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में पूर्व कलेक्टर विनय गौड़ा के कार्यकाल की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन अत्यंत निष्ठा, पारदर्शिता और जनहित की भावना के साथ किया। उनके नेतृत्व में जिले में कई जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ तथा विकास कार्यों को नई गति मिली। जिले की जनता ने उनके योगदान को सराहते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं नव-नियुक्त कलेक्टर वसुमना पंत (IAS) के स्वागत अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में चंद्रपुर जिला विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्हें एक ऊर्जावान, कुशल और दूरदर्शी प्रशासनिक अधिकारी बताते हुए जिले के समग्र विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की अपेक्षा जताई गई।
इस अवसर पर माननीय विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. सुधीर भाऊ मुनगंटीवार की प्रमुख उपस्थिति रही। साथ ही जिले के अन्य माननीय विधायकगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी, बल्लारपुर शहर की ओर से दोनों अधिकारियों का पारंपरिक रूप से शाल एवं श्रीफल भेंट कर हार्दिक स्वागत एवं सम्मान किया गया। समारोह का वातावरण भावनात्मक एवं उत्साहपूर्ण रहा, जहां एक ओर विदाई की भावुकता थी, वहीं दूसरी ओर नए नेतृत्व के स्वागत का उत्साह भी देखने को मिला।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
