अवैध हथियारों के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार .!

बल्लारपुर पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात, अवैध हथियारों के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार .!

बल्लारपुर (का.प्र.) : बल्लारपुर शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया। पुलिस ने देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, पंच और खंजर जैसे खतरनाक हथियारों के साथ पांच युवकों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बस्ती विभाग के किल्ला वार्ड क्षेत्र में एक युवक के पास अवैध हथियार होने की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर शनिवार को पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम उजागर किए, जिसके बाद पुलिस ने क्रमशः कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान एक देशी माउजर, पंच, खंजर तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मुम्मक्का सुदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकड़े तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुधीर नंदनवार के मार्गदर्शन में की गई। वहीं पुलिस निरीक्षक बिपिन इंगले के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अभिषेक जंगमवार, उमेश जोगदंड सहित पुलिस टीम ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
थाना प्रभारी बिपिन इंगले ने बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है और अब तक ऐसे पांच मामलों में अपराध दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित वारदात को पहले ही रोकना पुलिस की प्राथमिकता है।
घटना के बाद शहरवासियों ने पुलिस की तत्परता और मुस्तैदी की सराहना की है। नागरिकों का मानना है कि इसी तरह सख्त और समयबद्ध कार्रवाई जारी रही, तो शहर में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों के पास हथियार कहां से आए तथा उनकी मंशा क्या थी, इसका पता लगाने का प्रयास जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".