आमदार सुधीर मुनगंटीवार के प्रयास सफल — लोकमान्य तिलक (T)–बल्लारशाह एक्सप्रेस शुरू .. मुंबई के लिए सप्ताह में अब दो दिन ट्रेन की सुविधा .!
बल्लारपुर (का.प्र.) ; : चंद्रपुर एवं विदर्भ क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। क्षेत्र के आमदार सुधीर मुनगंटीवार के लगातार प्रयासों को सफलता मिली है। रेल मंत्रालय ने लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) से बल्लारशाह के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने को मंजूरी दे दी है।
रेलवे बोर्ड के आदेशानुसार, गाड़ी संख्या 20105/20106 लोकमान्य तिलक (T)–बल्लारशाह एक्सप्रेस साप्ताहिक रूप से चलाई जाएगी। यह ट्रेन मुंबई स्थित लोकमान्य तिलक टर्मिनस से गुरुवार रात 21:45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर 13:15 बजे बल्लारशाह पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन बल्लारशाह से शुक्रवार सुबह 05:50 बजे रवाना होकर दूसरे दिन दोपहर 14:45 बजे मुंबई पहुंचेगी।
इस एक्सप्रेस ट्रेन को ठाणे, कल्याण, नाशिक रोड, जलगांव, भुसावल, मलकापुर, शेगांव, अकोला, बडनेरा, धामणगांव, पुलगांव, वर्धा, हिंगणघाट, वरोरा तथा चंद्रपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। इससे विदर्भ, मराठवाड़ा और उत्तर महाराष्ट्र के यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण निर्णय पर आमदार सुधीर मुनगंटीवार ने प्रधानमंत्री, रेल मंत्री एवं रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस नई ट्रेन सेवा से चंद्रपुर जिले और आसपास के क्षेत्रों को मुंबई से सीधा, तेज और सुविधाजनक रेल संपर्क मिलेगा।
यह नई रेल सेवा 24 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रही है। इसके शुरू होने से व्यापार, शिक्षा और चिकित्सा कारणों से यात्रा करने वाले नागरिकों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
