चंद्रपुर में पर्यावरण मुद्दों पर मंत्री पंकजा मुंडे का दौरा, स्नेह मिलन कार्यक्रम संपन्न .!
बल्लारपुर (का.प्र.) : महाराष्ट्र सरकार में पर्यावरण एवं पशुसंवर्धन मंत्री पंकजा मुंडे ने 16 अप्रैल 2026 को चंद्रपुर जिले का विशेष दौरा किया। यह दौरा जिले में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों एवं अन्य स्थानों पर पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु आयोजित किया गया था।
इस महत्वपूर्ण दौरे का आयोजन महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। दौरे के दौरान मंत्री मुंडे ने संबंधित अधिकारियों एवं विभागीय प्रमुखों के साथ बैठक कर पर्यावरणीय समस्याओं की समीक्षा की और आश्वासन दिया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएंगे।
दिनभर के कार्यक्रमों के पश्चात शाम को बल्लारपुर-विसापुर स्थित बॉटनिकल गार्डन में एक स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले के अधिकारीगण, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण रहा जब सुधीर मुनगंटीवार की उपस्थिति में मंत्री पंकजा मुंडे का सत्कार किया गया। कार्यक्रम का संचालन बल्लारपुर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष एवं चंद्रपुर जिला ग्रामीण के वर्तमान अध्यक्ष हरीश शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. काशीनाथ सिंह द्वारा लिखित पुस्तक, जिसमें सुधीर मुनगंटीवार के विकास कार्यों का वर्णन किया गया है, विशेष आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही डॉ. सिंह द्वारा अपने हाथ पर मुनगंटीवार का टैटू बनवाने की जानकारी भी साझा की गई। इसे देखकर मंत्री मुंडे भावुक हो गईं और उन्होंने स्वयं का गुलदस्ता लौटाकर डॉ. सिंह का सम्मान किया।
मंत्री मुंडे ने अपने संबोधन में कहा कि मुनगंटीवार के विकास कार्य, नेतृत्व क्षमता और कार्यकर्ताओं के प्रति उनके स्नेह से प्रेरित होकर ही डॉ. काशीनाथ सिंह जैसे समर्पित कार्यकर्ता तैयार होते हैं।
इस कार्यक्रम में राजुरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवराव भोंगडे, चंद्रपुर जिले की जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न विभागों के प्रमुखों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

