बल्लारपुर में तथागत सिद्धार्थ युवा फाउंडेशन द्वारा भव्य भोजनदान कार्यक्रम का आयोजन ..!
बल्लारपुर (का.प्र.) : संविधान निर्माता, विश्वरत्न महामानव डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की 135 वीं जयंती के पावन अवसर पर बल्लारपुर शहर में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। इसी क्रम में मौलाना आजाद वार्ड स्थित मिलिंद चौक परिसर में शुक्रवार शाम तथागत सिद्धार्थ युवा फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य भोजनदान एवं डांस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में नगराध्यक्ष डॉ. अलका वाढई, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संतोषसिंह रावत, नगर परिषद उपाध्यक्ष देवेंद्र आर्य, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अब्दुल करीम शेख तथा नगरसेविका वैशाली हुमने सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथिगण डॉ. आंबेडकर के विचारों को स्मरण करते हुए उनके द्वारा दिए गए समता, बंधुता और न्याय के संदेश को समाज में प्रसारित करने का आह्वान किए। आयोजन स्थल पर शाम से ही नागरिकों की भारी भीड़ जुटने लगी, जहां अनुशासित तरीके से भोजन वितरण किया गया।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य डॉ. आंबेडकर के मानवतावादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना था। संस्था द्वारा शहर के सभी नागरिकों से इस पुण्य कार्य में सहभागी होने एवं उनके आदर्शों को अपनाने की अपील की गई थी।
कार्यक्रम की सफलता हेतु फाउंडेशन के पूनम मून, अजित पड़वेकर, दीपक पड़वेकर, निखिल हुमने, सिद्धांत मेश्राम, अनुराग खराट, अमोल कुकरेती, अमित अलोने, संगदिल मून सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक सक्रिय रूप से योगदान दिया।
