भोई कहार समाज में SIR मैपिंग अभियान तेज, समाजबंधुओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील .!
नागपुर (वि.प्र.) : भोई कहार समाज में वोटर सूची से नाम विलोपित होने की आशंका को देखते हुए SIR मैपिंग अभियान को तेज गति दी जा रही है। समाजसेवी प्रा. राहुल जी गौर ने समाज के सभी मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में SIR (सार) की मैपिंग कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मैपिंग नहीं की गई, तो कई लोगों के नाम मतदाता सूची से हट सकते हैं, जिससे वे भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त अपने मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं।
इसी उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में समाजसेवी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। नागपुर महानगर पालिका से भी समाज के कार्यकर्ताओं ने अपेक्षा जताई है कि जिस प्रकार कचरा संकलन के लिए सुबह माइक से जनजागृति की जाती है, उसी तरह कुछ दिनों तक प्रत्येक प्रभाग में SIR मैपिंग के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी मिल सके।
आज महर्षि नाथुबाबा धाम, निषाद नगरी भोईपुरा में नगरसेविका सौ. प्रमिला अजय गौर की उपस्थिति में विशेष मैपिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रा. राहुल जी गौर एवं अजय जी गौर के मार्गदर्शन में तथा रेखा प्रकाश नायक के श्रमदान से बूथ क्रमांक 242/243 की सूची के अंतर्गत SIR मैपिंग का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
कार्यक्रम में BLO अधिकारियों के सहयोग से बड़ी संख्या में मतदाताओं की मैपिंग की गई। इस अवसर पर नगरसेविका सौ. प्रमिला अजय गौर, सचिव राहुल जी गौर, रेखा प्रकाश नायक सहित अन्य समाजबंधु उपस्थित रहे।
समाज के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने अन्य कार्यों को प्राथमिकता से अलग रखकर SIR मैपिंग अवश्य कराएं, ताकि कोई भी मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे।
