दुल्हा-दुल्हन के परिवार बन रहे शिकार ..!!
बल्लारपुर (का.प्र.) : महाराष्ट्र सहित नागपुर क्षेत्रों में इन दिनों “शादी के लिए योग्य लड़के-लड़कियां उपलब्ध” जैसे आकर्षक विज्ञापनों के जरिए चल रहे कथित मैरिज ब्यूरो का जाल तेजी से फैलता जा रहा है। कुकुरमुत्तों की तरह उग आए इन ब्यूरो के जरिए भोले-भाले परिवारों को निशाना बनाकर हजारों से लेकर लाखों रुपये की ठगी किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, ये फर्जी मैरिज ब्यूरो संचालक सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आकर्षक प्रोफाइल तैयार कर लोगों को संपर्क करने के लिए प्रेरित करते हैं। इसके बाद दुल्हा-दुल्हन के परिवारों को सुनहरे भविष्य और अच्छे रिश्तों के सपने दिखाकर उनसे रजिस्ट्रेशन फीस, प्रोफाइल मैचिंग चार्ज, मीटिंग अरेंजमेंट जैसे विभिन्न बहानों से भारी रकम वसूली जाती है।
"फर्जी आईडी और झूठे वादों का सहारा" :
जांच में सामने आया है कि कई मामलों में ब्यूरो संचालक फर्जी पहचान पत्र और नकली प्रोफाइल का इस्तेमाल कर रहे हैं। रिश्ते दिखाने के नाम पर फोटो और बायोडाटा भेजे जाते हैं, लेकिन जब परिवार आगे बढ़ने की कोशिश करता है, तो या तो संपर्क टूट जाता है या फिर लगातार पैसों की मांग की जाती है।
“मुंगेरीलाल के हसीन सपने” दिखाकर ठगी :
पीड़ित परिवारों का कहना है कि उन्हें बेहतर जीवनसाथी, उच्च शिक्षित और संपन्न परिवार का रिश्ता मिलने का भरोसा दिलाया जाता है। लेकिन हकीकत में यह सब एक सुनियोजित ठगी का हिस्सा निकलता है। कई परिवार अपनी जमा पूंजी तक गंवा चुके हैं।
"पुलिस की कार्यवाही पर सवाल" :
हैरानी की बात यह है कि यह पूरा गोरखधंधा खुलेआम चल रहा है, लेकिन अब तक इस पर ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की नाक के नीचे यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है, जिससे ठगों के हौसले बुलंद हैं।
"प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग" :
शहर के सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे फर्जी मैरिज ब्यूरो पर तत्काल अंकुश लगाया जाए। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी ब्यूरो से जुड़ने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें और बिना पुष्टि के किसी को पैसे न दें।
"सावधानी ही सुरक्षा" :
विशेषज्ञों का कहना है कि विवाह जैसे संवेदनशील विषय में जल्दबाजी से बचना चाहिए। विश्वसनीय स्रोतों और परिचितों के माध्यम से ही रिश्तों की तलाश करना अधिक सुरक्षित विकल्प हो सकता है।

