विपरीत परिस्थितियों में भी चमकी सफलता .!

विपरीत परिस्थितियों में चमकी सफलता: वैष्णवी लिखार ने एचएससी में 86.83% अंक हासिल किए .!

नागपुर (वि.प्र.) : कठिन परिस्थितियों में भी हौसला और मेहनत के दम पर सफलता हासिल करने का प्रेरणादायी उदाहरण ज्योतिबा जूनियर कॉलेज, नंदनवन की कॉमर्स शाखा की छात्रा वैष्णवी सुभाष लिखार ने प्रस्तुत किया है। वैष्णवी ने बिना किसी निजी ट्यूशन के केवल कॉलेज के शिक्षकों के मार्गदर्शन में एचएससी बोर्ड परीक्षा में 86.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
वैष्णवी की यह उपलब्धि इसलिए और भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि कोरोना काल में उनके पिता का निधन हो गया था, जो परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। इस दुखद घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहराया, लेकिन वैष्णवी की माता सरस्वती लिखार ने हार नहीं मानी और लोगों के घरों में काम कर परिवार का पालन-पोषण किया। वहीं, उनके बड़े भाई ने भी कपड़ों की दुकान में काम करते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखी और बीकॉम कर रहे हैं।
ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद वैष्णवी ने अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा और उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता, भाई तथा कॉलेज के सभी शिक्षकों को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से यह संभव हो पाया।
वैष्णवी ने भविष्य में बीकॉम की पढ़ाई कर बैंकिंग क्षेत्र में अपना करियर बनाने की इच्छा व्यक्त की है। उनकी इस सफलता पर लोकमान्य तिलक जनकल्याण शिक्षण संस्था के अध्यक्ष सतीश चतुर्वेदी, सचिव आभा चतुर्वेदी, प्राचार्या अरुणा कडु, सुपरवाइजर जामुवंत वांढे, कॉमर्स शिक्षक राहुल जी गौर, कादंबरी राउत, मिलन अमित पोटे, विजय वासनिक, विनोद वंजारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उनका अभिनंदन कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
वैष्णवी की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।



Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".