चंद्रपुर (वि.प्र.) : राष्ट्रवादी (शरदचंद्र पवार) युवती कांग्रेस की जिला अध्यक्ष माधुरी कटकोजवार ने चंद्रपुर महानगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि शहर के सभी प्रभागों में गोवंश व अन्य मोकाट पशुओं के लिए अस्थायी रूप से पेयजल की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि मई और जून के भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए शहर में घूमने वाले गाय, बछड़े, सांड सहित अन्य आवारा व भाकड़ पशुओं को पानी की भारी समस्या का सामना करना पड़ता है। चंद्रपुर को प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में गिना जाता है, जहां प्रशासन द्वारा आम नागरिकों को भी अत्यधिक आवश्यक कार्य के अलावा घर से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है।
ऐसे में शहर के विभिन्न प्रभागों में रहने वाले मोकाट पशुओं की स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। माधुरी कटकोजवार ने प्रशासन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अस्थायी पानी के टैंकर, टंकियां या पात्र रखकर इन पशुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) पार्टी की शहर जिला अध्यक्ष बेबीताई उईके तथा ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेंद्र वैद्य को भी अवगत कराया गया है। प्रशासन से जल्द सकारात्मक पहल की अपेक्षा जताई गई है।
