ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालिया निशान .!

बल्लारपुर के स्कूल - कॉलेज मार्गों पर सुबह के समय ट्रैफिक व्यवस्था ठप, विद्यार्थियों एवं स्कूली - कॉलेज कर्मचारियों की सुरक्षा भगवान भरोसे .!
बल्लारपुर (का.प्र.) : शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और स्कूल समय में अव्यवस्थित ट्रैफिक को लेकर नागरिकों में रोष बढ़ता जा रहा है। विशेष रूप से स्कूल एवं कॉलेज मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस की अनुपस्थिति को लेकर अब सवालिया निशान उठने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि सुबह के समय शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस नदारत दिखाई देती है, जिससे विद्यार्थियों, पालकों और स्कूल कर्मचारियों की जान जोखिम में पड़ रही है।
जानकारी के अनुसार सुबह स्कूल और कॉलेज शुरू होने के समय बिल्ट चौक से लेकर फूटी दीवाल, सुभाष टॉकीज चौक, न्यू बस स्टैंड चौक, नगर परिषद चौक, रेलवे चौक, ओल्ड बस स्टैंड चौक, फॉरेस्ट गेट चौक, पत्ता गोदाम चौक तथा बीटीएस चौक से जी.एन. कॉलेज मार्ग तक भारी वाहनों की लगातार आवाजाही बनी रहती है। इस दौरान कोयला, मालवाहक एवं अन्य भारी ट्रकों का आयात-निर्यात बड़े पैमाने पर होता है, जिससे सड़क पर जाम और दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो रही है।
स्थानीय नागरिकों एवं पालकों का कहना है कि इन मार्गों पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में स्कूली विद्यार्थी एवं कॉलेज छात्र-छात्राएं आवागमन करते हैं, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस व्यवस्था दिखाई नहीं देती। कई बार विद्यार्थी जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने को मजबूर हो जाते हैं। नागरिकों ने मांग की है कि स्कूल समय में इन चौक-चौराहों पर नियमित रूप से ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
शहरवासियों का यह भी आरोप है कि आए दिन सुबह के समय छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा। लोगों का कहना है कि अभी फिलहाल स्कूलों की परीक्षाएं खत्म तो हो गई है लेकिन स्कूली एवं कॉलेज के कर्मचारियों का नियमित स्कूल, कॉलेज जाना अब भी जारी है ऐसे में यदि समय रहते यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
नागरिकों ने पुलिस प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि स्कूल प्वाइंट क्षेत्रों में विशेष ट्रैफिक अभियान चलाया जाए, भारी वाहनों के प्रवेश समय को नियंत्रित किया जाए तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर कब जागता है और शहरवासियों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था कब तक मिल पाती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
clipboard. ".