महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता, बल्लारपुर बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी गठित .!
बल्लारपुर (का.प्र.) : बल्लारपुर बार एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आज उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई, जिसमें संगठन से जुड़े विभिन्न प्रशासनिक एवं न्यायिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिवक्ताओं की समस्याओं, न्यायालयीन व्यवस्था में सुधार, युवा वकीलों को प्रोत्साहन, महिला अधिवक्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा बार और बेंच के बीच समन्वय को सुदृढ़ करने जैसे मुद्दों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।
बैठक की विशेष बात यह रही कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार महिलाओं को 30 प्रतिशत प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया। इसी के तहत महिला अधिवक्ताओं को नई कार्यकारिणी में प्रमुख स्थान दिया गया है। इस निर्णय को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे न्यायिक क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को बल मिलेगा।
इस अवसर पर सर्वसम्मति से बल्लारपुर बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नई कार्यकारिणी इस प्रकार है :
अध्यक्ष: अधिवक्ता संजय एम. बोराडे
उपाध्यक्ष: अधिवक्ता विकास गेडाम
सचिव: अधिवक्ता अरविंद तितरे
सहसचिव: अधिवक्ता सुमित आमटे
कोषाध्यक्ष: अधिवक्ता संदेश हास्ते
कार्यकारिणी सदस्य:
अधिवक्ता किरण साओ
अधिवक्ता शुभांगी साठे
अधिवक्ता चेताली आवटे
अधिवक्ता संजय बाजपेयी
अधिवक्ता दीपक सरोज
नव-निर्वाचित कार्यकारिणी ने अधिवक्ताओं के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं लागू करने का संकल्प व्यक्त किया। इसमें न्यायालय परिसर की सुविधाओं में सुधार, विधि विषयक कार्यशालाओं का आयोजन, युवा अधिवक्ताओं को मार्गदर्शन तथा समाज में कानूनी जागरूकता फैलाने जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
बैठक में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। नई कार्यकारिणी ने भी बार एसोसिएशन की गरिमा को और ऊंचा उठाने तथा अधिवक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।
