बल्लारपुर (का.प्र.) : बल्लारपुर में नवरात्रि पर्व की पूर्णाहुति के उपलक्ष्य में कल माता दुर्गा की प्रतिमाओं का उत्साहपूर्ण विसर्जन किया गया। नगर के विभिन्न दुर्गा मंडलों एवं मोहल्लों से सुसज्जित झांकियों के साथ भक्ति गीतों और जयकारों के बीच माता की प्रतिमाएँ विसर्जन स्थल की ओर रवाना हुईं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने माँ दुर्गा के जयघोष से पूरे शहर का माहौल भक्तिमय बना दिया।
विसर्जन यात्रा में जगह-जगह नागरिक समितियों और समाजसेवियों द्वारा भक्तों के लिए शीतल जल, नाश्ता और महाप्रसाद का आयोजन किया गया। विशेष रूप से मुख्य मार्गों पर मंडलों ने प्रसाद वितरण कर श्रद्धालुओं की सेवा की। महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में ढोल-ताशों की थाप पर गरबा और नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया।
नगर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के व्यापक प्रबंध किए गए थे। पुलिस और स्वयंसेवी संगठनों ने यात्रा के दौरान विशेष सहयोग दिया।
माँ दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ ही नगर में नवरात्रि का यह भव्य पर्व संपन्न हुआ, किंतु भक्तों के हृदय में माता रानी के प्रति भक्ति और अगली नवरात्रि की प्रतीक्षा का उत्साह जीवंत बना रहा।




