ज्योतिबा माध्यमिक विद्यालय का 100% रिजल्ट, शर्वरी दूरतकर ने 93% अंकों के साथ किया टॉप .!
बल्लारपुर (वि.प्र.) : माध्यमिक शिक्षण मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं (SSC) परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित किया गया, जिसमें लोकमान्य टिळक जनकल्याण शिक्षण संस्था द्वारा संचालित ज्योतिबा माध्यमिक विद्यालय ने शत-प्रतिशत (100%) परिणाम हासिल कर उत्कृष्ट सफलता दर्ज की है।
विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा शर्वरी दूरतकर ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, सोनाली डेकाटे ने 85 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
इस शानदार सफलता पर संस्था के अध्यक्ष सतीश चतुर्वेदी, सचिव आभाताई चतुर्वेदी, विद्यालय की प्राचार्या अरुणा कडू तथा पर्यवेक्षक वांदे सहित सभी शिक्षकों ने उत्तीर्ण विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे की शैक्षणिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के इस उत्कृष्ट परिणाम से क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है और पालकों के साथ-साथ शिक्षकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।
