बल्लारपुर (का.प्र.) : कल बल्लारपुर में विजयादशमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित सार्वजनिक दुर्गा मंडलों में माता रानी के भव्य दरबार सजाए गए थे। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ माता दुर्गा के दर्शन हेतु उमड़ती रही।
भक्तों ने मां दुर्गा के समक्ष पूजा-अर्चना कर अपने परिवार के सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। नगर के प्रमुख मंडलों में विशेष सजावट, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जगह-जगह प्रसाद वितरण के साथ वातावरण भक्तिमय बना रहा।
विजयादशमी के अवसर पर घर पर विराजित माता दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन शोभायात्रा के माध्यम से किया गया, जिसमें युवा, महिलाएं और बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए। ढोल-ताशों और जयकारों के साथ पूरी नगरी भक्तिमय झांकी में बदल गई।
बल्लारपुर के नागरिकों ने विजयादशमी के इस पर्व को आपसी भाईचारे और सामूहिक सद्भाव के साथ मनाकर धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाया।

