आवारा पशु, अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की मांग ..‘जनता दरबार’ में आम आदमी पार्टी का निवेदन, जिलाधिकारी ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश .!
बल्लारपुर (का.प्र.) : शहर के उप-विभागीय कार्यालय में आयोजित ‘जनता दरबार’ कार्यक्रम के दौरान बल्लारपुर इकाई की आम आदमी पार्टी ने शहर में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी महोदय को विस्तृत निवेदन सौंपा। जिलाधिकारी ने प्रस्तुत शिकायतों का गंभीर संज्ञान लेते हुए संबंधित मुख्याधिकारी को आवारा पशुओं, अवैध अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या के निराकरण हेतु तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पार्टी द्वारा सौंपे गए निवेदन में उल्लेख किया गया कि दहेली और बामणी से बॉटनिकल गार्डन तक के महामार्ग पर कई व्यापारियों द्वारा अवैध शेड बनाकर अतिक्रमण किया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है। विशेष रूप से तीन एक्का गेट एवं पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में शराब दुकानों के सामने वाहनों की लंबी कतारों के कारण आम नागरिकों का पैदल चलना भी कठिन हो गया है।
इसके अतिरिक्त, पेपर मिल के लिए लकड़ी ढोने वाले भारी वाहन (ट्रक) सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े किए जा रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है। पार्टी ने कटा गेट, न्यू बस स्टैंड, रेलवे चौक, बी.टी.एस. प्लॉट चौक, जी.एन. कॉलेज चौक, बामणी एवं माउंट फोर्ट स्कूल क्षेत्र सहित शहर के प्रमुख स्थानों से अतिक्रमण हटाकर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग की है।
साथ ही, जिन लॉन, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं मंगल कार्यालयों के पास स्वयं की पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई।
इस संबंध में पार्टी के शहराध्यक्ष रवि पुप्पलवार ने चेतावनी देते हुए कहा कि शहर की सड़कों को आम नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुगम बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी जनहित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर पार्टी के शहर उपाध्यक्ष अफजल अली, संगठन मंत्री रोहित जंगमवार, प्रवक्ता आसिफ शेख सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अब जिलाधिकारी के निर्देशों के बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा उठाए जाने वाले कदमों पर नागरिकों की निगाहें टिकी हुई हैं।

